उत्तराखंडराज्य

हादसे का खौफनाक मंजर: देखते ही देखते जमीन पर आ गिरा हेलीकॉप्टर, टुकड़ों में बिखरा मलबा

 गोपेश्वर

 बदरीनाथ धाम से देहरादून जा रहा ट्रांस भारत कंपनी का हेलीकॉप्टर बदरीनाथ व ज्योतिर्मठ के बीच पांडुकेश्वर की पहाड़ियों में दुघर्टनाग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में कर्नाटक के पांच यात्रियों के साथ पायलट की भी मौत हो गई।

हेलीकॉप्टर जमीन में गिरने के दौरान टुकड़ों में बिखर गया, तथा आग लगने से सवार लोग बुरी तरह जल गए। घटनास्थल पर जले शवों को समेटना भी रेस्क्यू टीम को भारी पड़ा।

 टूट गया था संपर्क

बताया गया कि ट्रांस भारत एविएशन प्रालि का हेलीकॉप्टर, कॉल साइन VT-HCX, बदरीनाथ से सहस्त्रधारा (देहरादून) के लिए एक बजकर 12 मिनट पर उड़ान भरी। एक बजकर 14 मिनट पर ज्योतिर्मठ पांडुकेश्वर घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया।

हेलीकॉप्टर के लापता होने की सूचना आर्मी पोस्ट के माध्यम से प्राप्त हुई। बताया गया कि दुर्घटना के बाद हेलीकॉप्टर पांडुकेश्वर की पहाड़ियों में गिरते सेना के जवानों ने देखा। हेलीकॉप्टर गिरने के बाद घटनास्थल से धुंआ भी उठा।

घटना स्थल पांडुकेश्वर से आठ किमी से अधिक उंचाई पर है। इस क्षेत्र को स्वारी खर्क की पहाड़ी के नाम से जाना जाता है। बताया गया कि दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर पहाड़ी के उंचाई पर दो जगह टकराया दिख रहा है। जहां पर आग के जलने के निशान हैं। मौके पर जले शवों के साथ सामान भी जलकर राख हुआ है। हेलीकॉप्टर के कुछ हिस्से भी टूट कर पहाड़ी में अटके हैं।

सेना ने किया रेस्क्यू

पुलिस प्रशासन द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए पांडुकेश्वर एवं ज्योतिर्मठ से पुलिस, एसडीआरएफ और सेना की संयुक्त टीमें सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए रवाना की गई। इसके अतिरिक्त जिला मुख्यालय गोपेश्वर से ड्रोन टीमों को भी सर्च अभियान के लिए रवाना किया गया है, लेकिन मौके पर सेना ने रेस्क्यू किया।

हेलीकॉप्टर में कर्नाटक के यात्री सवार थे। ये यात्री बीते दिन बदरीनाथ दर्शनों के लिए आए थे। शुक्रवार को दर्शनों पूजा अर्चना के बाद यात्री हेलीकॉप्टर से वापस लौट रहे थे कि दुर्घटना में सभी की मौत हो गई।
ये हैं मृतक

दुघर्टनाग्रस्त हेलीकॉप्टर को पायलट कैप्टन हिमांशु सभरवाल उम्र 48 वर्ष निवासी दिल्ली उड़ा रहे थे। जिनकी दुघर्टना में मौत हो गई। इसके अलावा हेलीकॉप्टर दुर्घटना में प्रतापा उम्र 41 वर्ष, अरुण सालुंके उम्र 44 वर्ष, वीबी शंकर गौड़ा उम्र 39 वर्ष, सुधीर के उम्र 50 वर्ष, एचएस नटराजा उम्र 51 वर्ष सभी निवासी कर्नाटक शामिल हैं। मृतकों में अरुण सालुंके कर्नाटक पुलिस के क्राइंम ब्रांच में इंपेक्टर पद पर तैनात थे।

पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि सभी मृतकों का शव मिल चुका है। मृतकों के स्वजनों को सूचना दी जा चुकी है। स्वजन मौके के लिए रवाना हो चुके हैं।

 जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि रात्रि होने के चलते रेस्क्यू रोक दिया गया है। सभी छह लोगों के शव बरामद हो गए हैं, शव जले हुए और क्षत-विक्षत हैं। हेलीकॉप्टर का मलबा भी बिखरा हुआ है। कहा कि शनिवार को शवों को लाया जाएगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button